रिफॉर्म उत्सव के लिए जिला स्तरीय समन्वय समिति गठित, कलेक्टर होंगे अध्यक्ष
खंडवा, 17 अगस्त 2026। भारत सरकार की नागरिक उन्मुख पहल ‘रिफॉर्म उत्सव’ के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले में कलेक्टर की अध्यक्षता में डिस्ट्रिक्ट को-ऑर्डिनेशन कमेटी का गठन किया गया है। समिति का उद्देश्य ‘जन मंथन-विमर्श-समाधान’ के माध्यम से नागरिकों से प्राप्त प्रणालीगत सुधार संबंधी सुझावों का संकलन, नागरिक सहभागिता बढ़ाना और जन-जागरूकता गतिविधियों का समन्वय करना है।
सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के अनुसार समिति में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, आयुक्त नगर निगम/मुख्य नगर पालिका अधिकारी, जिला जनसंपर्क अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी तथा जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी को सदस्य बनाया गया है। महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र को सदस्य-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। आवश्यकता के अनुसार संबंधित विभागों के अधिकारी, संस्थाओं के प्रतिनिधि और अन्य हितधारकों को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में बैठक में बुलाया जा सकेगा।
समिति जिले के लिए डिस्ट्रिक्ट एक्शन प्लान तैयार करेगी और रिफॉर्म उत्सव की गतिविधियों का समन्वय एवं अनुश्रवण करेगी। ग्राम पंचायतों और नगरीय क्षेत्रों में जन मंथन, जनसभा, वार्ड सभा सहित अन्य आउटरीच गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा।
इसके अलावा सीएससी, माय भारत वॉलंटियर्स, पंचायतों और नगरीय निकायों के माध्यम से नागरिकों को रिफॉर्म उत्सव पोर्टल पर अपने सुझाव दर्ज कराने में सहायता दी जाएगी। नागरिकों से प्राप्त सुझावों का संकलन, स्क्रूटिनी और संबंधित विभागों को रेफरल भी समिति की जिम्मेदारी होगी।
समिति एसएनओडी एवं सेंट्रल नोडल ऑफिसर के साथ समन्वय कर फील्ड-लेवल आउटरीच और नागरिक फीडबैक का संकलन करेगी। गतिविधियों एवं सुझावों की प्रगति को पोर्टल पर समयबद्ध रूप से अपडेट करने तथा राज्य स्तर पर रिपोर्ट भेजने का दायित्व भी समिति निभाएगी।
हर माह कम से कम एक बैठक आयोजित की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बैठक भी बुलाई जा सकेगी। जिले से संबंधित सुधारों, उपलब्धियों और परिणामों का संकलन कर ‘संकल्प सिद्धि’ के लिए राज्य को उपलब्ध कराया जाएगा।
Read Next
खंडवा
खंडवा
खंडवा 


