सिंहस्थ 2028 की तैयारियां शुरू | खंडवा पुलिस ने शुरू किया विशेष प्रशिक्षण, 60 जवानों का पहला बैच तैयार

मध्यप्रदेश में वर्ष 2028 में आयोजित होने वाले सिंहस्थ महापर्व की तैयारियां अभी से शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार खंडवा पुलिस द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम में सिंहस्थ 2028 प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम सत्र का शुभारंभ किया गया।
आगामी सिंहस्थ मेले के दौरान कानून व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। इसके लिए प्रत्येक जिले से मास्टर ट्रेनर्स का चयन कर उन्हें मुख्यालय स्तर पर प्रशिक्षित किया गया है, जो अब जिला स्तर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण देंगे।
प्रथम प्रशिक्षण सत्र के शुभारंभ अवसर पर पुलिस अधीक्षक अगम जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र तारणेकर सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं मास्टर ट्रेनर मौजूद रहे। इस दौरान 60 प्रशिक्षणार्थियों के पहले बैच को प्रशिक्षण कार्यक्रम से जोड़ा गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सिंहस्थ 2028 के दौरान नवीनतम तकनीकों का उपयोग करते हुए भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और आकस्मिक सेवाओं के संचालन का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान पुलिस व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं के साथ व्यवहार, आपदा प्रबंधन और संभावित चुनौतियों से निपटने के तरीकों की भी जानकारी दी जाएगी।
प्रशिक्षण में अस्थायी थानों की कार्यप्रणाली, खोया-पाया केंद्रों का संचालन, ड्रोन तकनीक के उपयोग और सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल कमांड सिस्टम के माध्यम से व्यवस्थाओं के संचालन पर भी विस्तार से मार्गदर्शन दिया जाएगा।
खंडवा पुलिस का लक्ष्य है कि सिंहस्थ 2028 में ड्यूटी पर जाने वाला प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह प्रशिक्षित और तैयार रहे, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुरक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
Read Next
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा 