खंडवा में होगी समान नागरिक संहिता पर महत्वपूर्ण मंथन, उच्च स्तरीय समिति के सदस्य 11 जून को करेंगे संवाद

खंडवा… मध्य प्रदेश सरकार द्वारा समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति के सदस्य प्रोफेसर गोपाल शर्मा एवं डॉ. शोभा पैठणकर 11 जून को खंडवा प्रवास पर आएंगे। उनके आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समिति के सदस्य 11 जून को दोपहर 2:30 बजे बुरहानपुर से प्रस्थान कर खंडवा पहुंचेंगे। इसके बाद अपरान्ह 4 बजे से समान नागरिक संहिता के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में जनप्रतिनिधियों, बार काउंसिल के सदस्यों, महिला एवं बाल अधिकार संरक्षण से जुड़े गणमान्य नागरिकों, शांति समिति के सदस्यों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। बैठक के दौरान समान नागरिक संहिता के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा तथा विभिन्न वर्गों के सुझाव प्राप्त किए जाएंगे।
प्रदेश सरकार द्वारा गठित यह समिति समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद स्थापित कर समान नागरिक संहिता के संबंध में सुझाव एकत्रित कर रही है। खंडवा में आयोजित होने वाली यह बैठक जिले के सामाजिक, विधिक एवं जनप्रतिनिधि वर्ग के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Read Next









