प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में वार्षिक स्नेह सम्मेलन का भव्य समापन 28 राज्यों की संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

खंडवा। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, श्री नीलकंठेश्वर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के तीन दिवसीय वार्षिक स्नेह सम्मेलन का समापन गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे, विशिष्ट अतिथि महापौर अमृता अमर यादव, सेवादास पटेल तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सोमपाल सिंह ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत उद्बोधन से हुई, जिसे वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. जी.पी. दावरे ने प्रस्तुत किया। अतिथियों का स्वागत भारतीय परंपरा के अनुसार चंदन तिलक और अंगवस्त्र भेंट कर किया गया।
विद्यार्थियों को लक्ष्य तय करने की सलाह
मुख्य अतिथि विधायक कंचन मुकेश तनवे ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि “खेत में किसान, सीमा पर जवान और कक्षा में विद्यार्थी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।” उन्होंने विद्यार्थियों को अपना लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत से अध्ययन करने और अपने शिक्षकों को उपलब्धियों के रूप में गुरु दक्षिणा देने के लिए प्रेरित किया।
मजबूत नींव से ही बनता है सशक्त भविष्य
विशिष्ट अतिथि महापौर अमृता अमर यादव ने कहा कि स्नेह सम्मेलन शिक्षा और मनोरंजन का अद्भुत संगम है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “नींव जितनी मजबूत होगी, इमारत उतनी ही सशक्त होगी।” विद्यार्थी जीवन में मजबूत आधार ही उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करता है।
सेवादास पटेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में शिक्षा का महत्व सबसे अधिक है और केवल अंकों के पीछे भागना ही सफलता नहीं है।
28 राज्यों की संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां
स्नेह सम्मेलन प्रभारी डॉ. कुलदीप सिंह फरे ने बताया कि अंतिम दिवस पर “भारतीय दर्शन, संस्कृति एवं परिधान” थीम पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. अर्चना मोरे के निर्देशन में विद्यार्थियों ने भारत के 28 राज्यों की संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
प्रतिभाओं को मिला सम्मान
कार्यक्रम के दौरान चंद्रा पाठक स्मृति सुगम संगीत गायन प्रतियोगिता का आयोजन डॉ. शुची गुप्ता और डॉ. मीना साल्वे के निर्देशन में हुआ, जिसमें निर्णायक के रूप में संगीता गंगराडे और तोरल बक्शी उपस्थित रहीं।
समापन समारोह में विभिन्न साहित्यिक, सांस्कृतिक, कलात्मक प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों, एनसीसी, एनएसएस, खेलकूद, रेड क्रॉस, रेड रिबन और भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े उत्कृष्ट विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. दिव्या त्रिवेदी ने किया और अंत में डॉ. तुलसीराम ब्राह्मणे ने आभार व्यक्त किया।
Read Next


खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा 
