किशोर नाइट की गूंज: मुंबई रवाना होने से पहले विनोद राठौड़ ने जताया आभार
मध्यप्रदेश के खंडवा शहर में किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच, जिला प्रशासन एवं नगर निगम के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय किशोर गौरव दिवस का भव्य समापन हुआ। किशोर कुमार की जयंती पर देशभर से पहुंचे संगीत प्रेमियों ने उनकी समाधि पर गीतों के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की।
रात्रि में आयोजित किशोर नाइट में प्रसिद्ध पार्श्व गायक विनोद राठौड़ को किशोर गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। इस दौरान उन्होंने किशोर कुमार के सदाबहार गीतों के साथ अपने लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर हजारों श्रोताओं का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम में मुंबई के गायक पी. गणेश, प्रीति जोशी और चांदनी मुखर्जी ने भी करीब तीन घंटे तक शानदार प्रस्तुतियां दीं। देर रात तक संगीत प्रेमी कार्यक्रम का आनंद लेते रहे और कलाकारों से लगातार गीतों की फरमाइश करते रहे।
सम्मान प्राप्त करने के बाद विनोद राठौड़ ने कहा कि उन्हें जीवन में कई पुरस्कार और सम्मान मिले हैं, लेकिन किशोर गौरव सम्मान उनके लिए बेहद विशेष है और वह इसे कभी नहीं भूल पाएंगे। उन्होंने कहा कि किशोर कुमार की जन्मस्थली खंडवा में सम्मानित होना उनके लिए गर्व की बात है।
Read Next
खंडवा
खंडवा
खंडवा 




