खंडवा में भारतीय किसान संघ का बड़ा संकल्प, 2027 तक 1.25 लाख किसानों को जोड़ने का लक्ष्य
मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के धनगांव स्थित रेवा गुर्जर धर्मशाला में भारतीय किसान संघ जिला खंडवा का दो दिवसीय जिला अभ्यास वर्ग सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य मार्गदर्शक प्रदेश मंत्री राजेंद्र शर्मा रहे। इस दौरान प्रांत उपाध्यक्ष रेवाराम सेठ, प्रांत मंत्री धर्मचंद गुर्जर, प्रांत युवा प्रमुख श्याम सिंह पंवार, जिला अध्यक्ष राधेश्याम चाचारिया, जिला मंत्री सुभाष पटेल, जिला कोषाध्यक्ष उमेश पटेल, जिला महिला संयोजिका कला जीजी सहित संदीप सिंह सोलंकी, दिनेश महाजन, रामेश्वर कुशवाह, हेमंत मीणा, सुभाष यादव और श्यामलाल राठौर सहित जिलेभर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
दो दिवसीय अभ्यास वर्ग में संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति, किसान हित, संगठन विस्तार, कार्यकर्ता निर्माण और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में वर्ष 2027 तक जिला खंडवा के 1 लाख 25 हजार किसानों को भारतीय किसान संघ की सदस्यता से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इसके लिए प्रत्येक विकासखंड, मंडल और ग्राम स्तर पर सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने, भूमि की उर्वरता बढ़ाने, उत्पादन लागत कम करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए गांव-गांव अभियान चलाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने वृक्षारोपण किया और पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख अभिषेक गंगराड़े ने किया। समापन पर सभी कार्यकर्ताओं ने किसान हितों की रक्षा, संगठन के विस्तार और वर्ष 2027 तक सदस्यता लक्ष्य पूरा करने का सामूहिक संकल्प लिया।
Read Next
खंडवा
खंडवा
खंडवा 




