खंडवा में आंधी के कारण सड़क पर गिरा विशाल पेड़, यातायात बाधित, पुलिस ने संभाला मोर्चा

खंडवा, 01 जून 2026। शहर में सोमवार शाम आए तेज आंधी-तूफान के चलते जसवाड़ी रोड स्थित चारण दूध भंडार के पास एक बड़ा पेड़ सड़क के बीचों-बीच गिर गया। घटना के कारण मार्ग पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अंधेरा होने के कारण कई वाहन चालकों को सड़क पर गिरे पेड़ का अंदाजा नहीं लग सका, जिससे कुछ वाहन पेड़ से टकरा गए। हादसे में कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं, हालांकि किसी गंभीर जनहानि की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही रामनगर चौकी प्रभारी राजू पाटिल तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय नागरिकों के सहयोग से सड़क पर गिरे पेड़ को हटाने की कार्रवाई शुरू करवाई।
कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ को सड़क किनारे किया गया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था को पुनः सुचारू रूप से बहाल कर दिया गया। पुलिस द्वारा मौके पर यातायात को नियंत्रित करते हुए वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की गई।
स्थानीय नागरिकों ने त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन की सराहना की। वहीं प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
Read Next









