दिल्ली के उत्तम नगर हत्याकांड को लेकर खंडवा में सर्व हिंदू समाज का प्रदर्शन, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
खंडवा। दिल्ली के उत्तम नगर में युवक की हत्या की घटना को लेकर देशभर में आक्रोश देखा जा रहा है। इसी को लेकर खंडवा में सर्व हिंदू समाज, बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और भाजपा से जुड़े कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सर्व हिंदू समाज के लोगों ने कहा कि दिल्ली के उत्तम नगर क्षेत्र में 26 वर्षीय युवक तरुण कुमार की हत्या ने पूरे देश को झकझोर दिया है। समाज के लोगों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों को जल्द से जल्द कठोर सजा देने की मांग की।
जानकारी के अनुसार 4 मार्च को होली के दौरान दिल्ली के उत्तम नगर स्थित जेजे कॉलोनी इलाके में एक मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। बताया जाता है कि एक बच्ची द्वारा छत से फेंका गया पानी से भरा गुब्बारा सड़क से गुजर रही महिला पर गिर गया था, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कई लोग आपस में भिड़ गए।
परिजनों के मुताबिक जब 26 वर्षीय तरुण कुमार को घर पर हुए विवाद की जानकारी मिली तो वह मौके पर पहुंचे, जहां कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।
बताया जा रहा है कि मामले में पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है और जांच जारी है। वहीं घटना के बाद इलाके में पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।
खंडवा में ज्ञापन सौंपते हुए सर्व हिंदू समाज के लोगों ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज में असुरक्षा का माहौल पैदा करती हैं। उन्होंने प्रशासन के माध्यम से केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।
इस दौरान सर्व हिंदू समाज के साथ बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद, भाजपा के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग मौजूद रहे।
Read Next


खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा 
