अधूरी पेयजल योजनाएं जल्द पूरी करें, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: कलेक्टर ऋषव गुप्ता

खंडवा, 13 मार्च 2026।
कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने गुरुवार शाम जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रगतिरत नल-जल योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। यह बैठक जनपद पंचायत खंडवा के सभाकक्ष में आयोजित की गई, जिसमें जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कार्यपालन यंत्री सुश्री वर्षा शिवपुरे, जिला स्तरीय समिति के सदस्य और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर ने अधूरी पेयजल योजनाओं वाले गांवों के सरपंच और सचिवों से एक-एक कर चर्चा की और सभी को निर्देश दिए कि इस माह के अंत तक हर हाल में पेयजल योजनाओं को पूर्ण किया जाए।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूर्ण हो चुकी नल-जल योजनाओं को उनकी निगरानी में पंचायतों को हस्तांतरित कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है, उनका संयुक्त निरीक्षण जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सहायक यंत्री द्वारा किया जाए। निरीक्षण में यदि कोई कमी पाई जाती है तो उसे तुरंत दूर कराया जाए और सभी कमियां पूरी होने के बाद ही योजना पंचायत को सौंपी जाए।
बैठक में कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि गांवों में संचालित पेयजल योजनाओं के संधारण के लिए ग्रामीणों से जलकर की नियमित वसूली सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यदि जलकर की वसूली नहीं होगी तो पंचायतों को पेयजल योजनाओं के रखरखाव में कठिनाई आएगी।
इस दौरान कलेक्टर ने खालवा विकासखंड की पंचायतों में जल जीवन मिशन के कार्यों की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रीष्म ऋतु शुरू होने से पहले खालवा क्षेत्र की सभी पंचायतों में पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को पानी की समस्या का सामना न करना पड़े।
Read Next


खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा 
