मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की शुरुआत, सुंदरदेव में अधिकारियों ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, शिविर में हुए सैकड़ों आवेदनों का निराकरण
खंडवा। नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रदेश में शुक्रवार से “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” की शुरुआत हो गई। अभियान के तहत शुक्रवार को अधिकारियों के दल ने खालवा विकासखंड के ग्राम सुंदरदेव में शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा उनके निराकरण की प्रक्रिया प्रारंभ की।
ग्राम सुंदरदेव में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन, हरसूद एसडीएम श्री रमेश खतेडिया, जनपद अध्यक्ष खालवा श्रीमती सोनताबाई, जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती सतीबाई, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती प्रमिला बाई, श्रीमती हिराईबाई, ग्राम सरपंच श्री प्रवीण, सांसद प्रतिनिधि श्री रामचंद्र भाटी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
इस अवसर पर प्रभारी कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए यह विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है। उन्होंने बताया कि अब प्रत्येक शुक्रवार को जिले के अधिकारी किसी एक गांव में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे और उनका मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत जिस गांव में शिविर आयोजित होगा, उसके आसपास की पंचायतों में भी सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी तथा जनसुनवाई के तहत लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को समय पर शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मिल सके।
विभिन्न विभागों में प्राप्त हुए आवेदन
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए। सामान्य प्रशासन विभाग के अंतर्गत जाति प्रमाण-पत्र के लिए 113 आवेदन, राजस्व विभाग में नामांतरण से संबंधित 60 आवेदन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े 4 आवेदन, जबकि श्रम विभाग की प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना के अंतर्गत 344 आवेदन प्राप्त हुए।
इसके अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग, मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी तथा पशुपालन विभाग से संबंधित एक-एक आवेदन भी प्राप्त हुआ। शिविर में आयोजित आधार पंजीयन शिविर के माध्यम से 10 ग्रामीणों के आधार कार्ड भी बनाए गए। साथ ही नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों एवं विभिन्न सेवाओं की उपयोगी जानकारी भी दी गई।
विभिन्न संस्थानों का किया निरीक्षण
शिविर के उपरांत प्रभारी कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने ग्राम सुंदरदेव में संचालित विभिन्न शासकीय संस्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने आरोग्य केन्द्र, प्राथमिक शाला, खाद गोदाम, उचित मूल्य की दुकान, आयुर्वेदिक अस्पताल, आंगनवाड़ी केन्द्र, सीनियर बालक छात्रावास, सीनियर कन्या छात्रावास, सीनियर बालक छात्रावास (प्राचीन) तथा शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सुंदरदेव का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वहीं उपसंचालक कृषि श्री नितेश यादव ने गांव में खाद, बीज, उर्वरक एवं कीटनाशक का विक्रय करने वाली दुकानों अशोक ट्रेडर्स तथा मेसर्स अमरजीत हरभजन किसान ट्रेडर्स का निरीक्षण कर उपलब्ध स्टॉक एवं व्यवस्थाओं की जांच की।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याओं एवं योजनाओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। प्रशासन ने संबंधित विभागों को समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
Read Next
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा 


