ग्राम नंदाना में लगी यातायात जन चौपाल, ग्रामीणों को बताए सड़क सुरक्षा के नियम

खंडवा। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से खंडवा पुलिस द्वारा यातायात जन चौपाल की शुरुआत की गई है। पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन के निर्देशन में चलाए जा रहे इस नवाचार के तहत ग्राम नंदाना में यातायात जन चौपाल का आयोजन किया गया।
उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री अनिल कुमार राय के नेतृत्व में थाना प्रभारी नर्मदा नगर निरीक्षक श्री धीरेश धारवाल, निरीक्षक श्रीमती स्नेहा ठाकुर सहित यातायात पुलिस की टीम ने ग्रामीणों और आमजन को यातायात नियमों की जानकारी दी।
चौपाल में ग्रामीणों को हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी गई। इसके साथ ही सड़क पर सुरक्षित आवागमन और यातायात नियमों के पालन के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया।
पुलिस टीम ने ग्रामीणों से सड़क दुर्घटना होने की स्थिति में घायलों की तत्काल मदद करने और सड़क सुरक्षा के प्रति आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की। पुलिस के इस नवाचार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाकर सड़क हादसों में कमी लाना है।
Read Next







खंडवा