धनगांव क्षेत्र में खेतों से लगातार हो रही मोटर चोरी से किसानों में दहशत, जनपद सदस्य ने थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन

खंडवा | जिले के धनगांव थाना क्षेत्र में खेतों से सिंचाई मोटर और कृषि उपकरणों की लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से किसानों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। इस गंभीर समस्या को लेकर जनपद सदस्य आकाश पिंडारे ने मंगलवार को थाना प्रभारी धनगांव को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में सिंचाई मोटर और कृषि उपकरणों की चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। अब तक कई किसान चोरी का शिकार हो चुके हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। लगातार हो रही वारदातों के कारण किसान खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और कई किसान खेती छोड़कर मजदूरी करने तक को मजबूर होने की बात कह रहे हैं।
ज्ञापन में मांग की गई है कि पुलिस विशेष अभियान चलाकर मोटर चोरी की घटनाओं पर तत्काल रोक लगाए, रात्रिकालीन गश्त बढ़ाए, संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच करे तथा पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करे।
जनपद सदस्य आकाश पिंडारे ने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो किसानों की आजीविका पर गंभीर असर पड़ सकता है। उन्होंने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए त्वरित कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन की प्रति पर 7 जुलाई 2026 की तारीख अंकित है।
Read Next

खंडवा
खंडवा 