खंडवा: अनैतिक गतिविधियों पर पुलिस का शिकंजा, कई महिला-पुरुष हिरासत में
मध्यप्रदेश के खंडवा शहर में कोतवाली थाना क्षेत्र की रामनगर चौकी अंतर्गत स्थित शिवराज मल्टी में पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में लगातार शिकायतें और सूचनाएं मिल रही थीं, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि शिवराज मल्टी के एक फ्लैट के आसपास कुछ पुरुष और महिलाएं संदिग्ध परिस्थितियों में मौजूद हैं तथा किसी संज्ञेय अपराध की आशंका हो सकती है। सूचना के आधार पर कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण आर्या और रामनगर चौकी प्रभारी राजू पाटिल के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस के अनुसार मौके पर कुछ पुरुष और महिलाएं संदिग्ध स्थिति में मिले। पुलिस बल को देखकर वहां मौजूद लोग घबराए हुए नजर आए। इसके बाद पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में उनसे पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान कुछ लोग उत्तेजित हो गए और शांति भंग करने की स्थिति निर्मित होने लगी। काफी समझाइश के बाद भी स्थिति सामान्य नहीं होने पर पुलिस ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों को हिरासत में लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कोशिक पिता महेश तंवर निवासी लवकुश नगर खंडवा, अर्जुन पिता तुलसीराम निंबोले निवासी शिवराज मल्टी खंडवा, हरिओम पिता रामविलास प्रजापति निवासी सडियापानी रोड छनेरा हरसूद, बाबूलाल पिता मांगीलाल पटेल निवासी ग्राम मलगांव थाना छेगांवमाखन, अशोक पिता सुभाष सानक निवासी अरिहंत कॉलोनी खंडवा तथा हाशिम उर्फ आर्शलान पिता शरीफ कुरैशी निवासी घासपुरा खंडवा को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने सभी के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की जाती तो शांति भंग होने और संज्ञेय अपराध घटित होने की आशंका थी। सभी आरोपियों को बाउंड ओवर की कार्रवाई के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि शिवराज मल्टी में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें सामने आ रही थीं, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा था। लोगों ने पुलिस की कार्रवाई का स्वागत करते हुए ऐसी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने की मांग की है।
वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अवैध या संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। फिलहाल मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Read Next









