खंडवा : पानी कम आया तो भड़के ग्रामीण! नल-जल योजना कर्मचारी को पीटने का आरोप
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के छेगांव माखन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले टाकली मोरी गांव में नल-जल योजना के कर्मचारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि गांव में पानी सप्लाई के दौरान मोटर से कम पानी आने की बात को लेकर विवाद हो गया।
घायल कर्मचारी के बेटे के अनुसार उनके पिता गांव में नल-जल योजना के तहत पानी सप्लाई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान गांव के तीन लोगों ने उनके साथ मारपीट की। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने कर्मचारी के साथ बेरहमी से मारपीट की और उन्हें घायल अवस्था में छोड़कर चले गए।
कुछ समय बाद कर्मचारी पानी की टंकी के पास घायल हालत में पड़े मिले। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल खंडवा पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज जारी है।
परिजनों ने घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।
फिलहाल घायल कर्मचारी का जिला अस्पताल में उपचार जारी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Read Next









