खंडवा : गेहूं खरीदी में देरी पर भड़का किसान संघ, 6 अप्रैल से धरना की चेतावनी

आज भारतीय किसान संघ की मासिक बैठक नई अनाज मंडी, खंडवा में संपन्न हुई। बैठक में प्रांत मंत्री श्री धर्मचंद गुर्जर, जिलाध्यक्ष श्री राधेश्याम चाचरिया एवं उपाध्यक्ष श्री कालुसिंह चौहान सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधीश महोदय के माध्यम से मध्य प्रदेश शासन के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित किया गया। ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई कि समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की तिथि को बार-बार बढ़ाने पर रोक लगाई जाए तथा खरीदी 5 अप्रैल 2026 से प्रारंभ की जाए।
इसके साथ ही जिला सहकारी बैंकों में ऋण वसूली की अंतिम तिथि 28 मार्च 2026 से बढ़ाकर 31 मई 2026 किए जाने की मांग रखी गई। संघ ने बताया कि इस वर्ष गेहूं एवं चने की खरीदी तिथि चार बार बढ़ाए जाने के कारण किसानों को समय पर ऋण अदायगी में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, जिससे लगभग 80 प्रतिशत किसान डिफाल्टर हो गए हैं।
बैठक में नरवाई प्रबंधन के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध न होने के कारण किसानों पर अनावश्यक एफआईआर एवं अर्थदंड न लगाए जाने की मांग भी उठाई गई। साथ ही, समर्थन मूल्य पर गेहूं एवं चना बेच चुके किसानों को अंतर राशि का शीघ्र भुगतान करने की बात कही गई।
संघ ने यह भी आरोप लगाया कि बारदाने की कमी का हवाला देकर किसानों की उपज कम तौलने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसानों की उपज निर्धारित मापदंडों के अनुसार ही तौली जाए, यह सुनिश्चित किया जाए।
बिजली विभाग की लापरवाही से खेतों में लगी आग से प्रभावित किसानों को हुए नुकसान की भरपाई धारा 6/4 के अंतर्गत किए जाने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।
अंत में संघ ने चेतावनी दी कि यदि 5 अप्रैल 2026 से गेहूं खरीदी प्रारंभ नहीं की गई तो 6 अप्रैल 2026 से तहसील स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
बैठक में दिनेश महाजन, हरसिंह डोडे, सुभाष यादव, गुलाब भाई, रामचंद चाचरिया, परशुराम राठौड़ सहित अन्य किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला मीडिया प्रभारी अभिषेक गंगराड़े द्वारा किया गया।
Read Next
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा