ओंकारेश्वर में अतिक्रमण हटाने गई नगर परिषद टीम से मारपीट, महिला सहित तीन पर केस दर्ज
ओंकारेश्वर/मांधाता | आकाश शुक्ला की रिपोर्ट
ओंकारेश्वर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान नगर परिषद की टीम और ठेला संचालकों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला और उसके दो बेटों ने कार्रवाई कर रहे नगर परिषद कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और शासकीय कार्य में बाधा डाली। पुलिस ने इस मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घटना गुरुवार देर शाम ऐश्वर्या होटल के पास की है। मामले में नगर परिषद के राजस्व निरीक्षक नीरज रावत की शिकायत पर मांधाता पुलिस ने ब्रह्मपुरी निवासी रेखाबाई, विक्रम और राजेंद्र के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया है।
शिकायत में राजस्व निरीक्षक नीरज रावत ने बताया कि नगर परिषद की टीम अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान रेखाबाई और उनके बेटों विक्रम व राजेंद्र को नींबू पानी का ठेला हटाने के लिए कहा गया था। लेकिन कार्रवाई में सहयोग करने के बजाय तीनों ने विवाद शुरू कर दिया और स्टाफ के साथ गाली-गलौज करते हुए झूमाझटकी की।
बताया गया कि विवाद के दौरान कार्रवाई में मौजूद सीएमओ मोनिका पारधी और नगर परिषद की कर्मचारी ज्योति व मुस्कान के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।
मांधाता थाना प्रभारी टीआई अनोक सिंधिया ने बताया कि शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
Read Next


खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा 
