खंडवा: 108 एंबुलेंस की तकनीकी खराबी से मचा हड़कंप, लोगों ने समझा आग लग गई
मध्यप्रदेश के खंडवा शहर में दादाजी धाम पर गुरु पूर्णिमा मेले के दौरान उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक 108 एंबुलेंस भीड़ के बीच से गुजर रही थी। अचानक एंबुलेंस के इंजन में तकनीकी खराबी आने के कारण उसके साइलेंसर से भारी मात्रा में धुआं निकलने लगा।
कुछ ही सेकंड में इतना घना धुआं फैल गया कि लोगों को लगा मानो एंबुलेंस में आग लग गई हो। कोतवाली थाना क्षेत्र के सामने मौजूद श्रद्धालुओं और राहगीरों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। कई लोगों ने तत्काल फोन कर सूचना दी कि 108 एंबुलेंस में आग लग गई है।
हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने स्थिति को संभाला और जांच में सामने आया कि आग नहीं लगी थी, बल्कि इंजन में आई खराबी के कारण साइलेंसर से अत्यधिक धुआं निकल रहा था।
यह घटना एक बार फिर 108 एंबुलेंस सेवा के रखरखाव और नियमित मेंटेनेंस पर सवाल खड़े करती है। आपातकालीन सेवाओं में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की समय-समय पर तकनीकी जांच और बेहतर मेंटेनेंस बेहद जरूरी है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों और आम लोगों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।
फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में हुई इस तकनीकी खराबी ने कुछ देर के लिए लोगों को चिंता में जरूर डाल दिया।
Read Next

खंडवा 



