खंडवा: अचानक बजेंगे सायरन… फिर छा जाएगा अंधेरा! आखिर खंडवा में क्या होने वाला है?
खंडवा में अगस्त में होगी Air Raid और Blackout Mock Drill, आपात स्थिति से निपटने की तैयारियां परखेगा प्रशासन
खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच त्वरित समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से अगस्त महीने में एयर रेड एवं ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसकी तैयारियों को लेकर शुक्रवार, 24 जुलाई को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. नागार्जुन गौड़ा ने प्रस्तावित मॉक ड्रिल की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को पूर्वाभ्यास, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता और विभागवार कार्ययोजना समय रहते तैयार करने के निर्देश दिए।
जिले के चयनित क्षेत्र में होगी मॉक ड्रिल
डॉ. नागार्जुन गौड़ा ने बताया कि अगस्त महीने में जिले के चयनित क्षेत्र में एयर रेड एवं ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसमें संबंधित विभाग अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
उन्होंने कहा कि इस तरह की मॉक ड्रिल नागरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसके माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासन और संबंधित विभाग कितनी तेजी एवं प्रभावी तरीके से काम कर सकते हैं, इसकी तैयारियों को परखा जाएगा।
एयर रेड चेतावनी और ब्लैकआउट की प्रक्रिया की दी जानकारी
डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड आशीष कुमार कुशवाहा ने बैठक में एयर रेड चेतावनी प्रणाली, ब्लैकआउट की अवधारणा और मॉक ड्रिल के उद्देश्यों के संबंध में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य किसी संभावित आपात स्थिति में प्रशासनिक तंत्र और नागरिक सुरक्षा संसाधनों की तत्परता का परीक्षण करने के साथ विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करना है।
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर पुलिस की रहेगी अहम भूमिका
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र तारनेकर ने मॉक ड्रिल के चरणबद्ध संचालन, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और कानून व्यवस्था को लेकर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने पुलिस सहित सभी सहयोगी विभागों से आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा।
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व खंडवा ऋषिकुमार सिंघई, सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर, एनसीसी बटालियन के मेजर राजेन्द्र सिंह, जिला युवा अधिकारी पल्लवी दुबे, कंपनी कमांडर रवींद्र महिवाल और प्लाटून कमांडर मनीष यादव सहित विद्युत विभाग, नगर निगम, एनसीसी, परिवहन विभाग, तहसील, पुलिस, प्रशासन, होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ के अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।
प्रशासन अब अगस्त में होने वाली इस मॉक ड्रिल के लिए विभागवार तैयारियों और संसाधनों को व्यवस्थित करने में जुटा है। मॉक ड्रिल के लिए चयनित क्षेत्र और आयोजन की तारीख की विस्तृत जानकारी बाद में सामने आने की संभावना है।
Read Next


खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा