खंडवा: बिजली गुल बनी मौत की वजह! 74 वर्षीय बुजुर्ग को सांप ने डसा, दर्दनाक मौत
खंडवा: जिले के ग्राम सैयदपुर खेगावडा में सांप के डसने से एक बुजुर्ग किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान सुरेश चंद्र तोमर (74 वर्ष) के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार रविवार रात करीब 9 बजे सुरेश चंद्र तोमर बिजली गुल होने के कारण घर के बाहर कुर्सी पर बैठे थे। इसी दौरान अंधेरे में एक सांप ने उन्हें डस लिया। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। हालत गंभीर होने पर इलाज जारी रहा, लेकिन सोमवार सुबह उनकी मौत हो गई।
मृतक के साढ़ू भाई ने बताया कि गांव में लगातार बिजली कटौती हो रही है। रात में गर्मी और बिजली नहीं होने के कारण सुरेश चंद्र घर के बाहर बैठे थे, तभी यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि मृतक खेती-किसानी करते थे। परिवार में उनकी पत्नी हैं और उन्होंने अपने साले के बेटे को गोद लिया हुआ है।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
Read Next
खंडवा 




