खंडवा पुलिस का बड़ा एक्शन: 142 आरोपी गिरफ्तार, 80 गुंडे-बदमाश चेक
मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में आगामी त्योहारों और कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा बड़े स्तर पर कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों ने सुबह से अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर फरार आरोपियों, वारंटियों, निगरानी बदमाशों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की।
अभियान के दौरान पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए कुल 142 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें 47 स्थायी वारंट, 89 गिरफ्तारी वारंट और एनआई एक्ट के 6 वारंट तामील किए गए।
थाना पंधाना पुलिस ने सबसे अधिक कार्रवाई करते हुए 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं मोघट रोड थाना पुलिस ने 22, कोतवाली थाना पुलिस ने 21, धनगांव थाना पुलिस ने 14, पिपलोद थाना पुलिस ने 10, खालवा थाना पुलिस ने 9, नर्मदानगर थाना पुलिस ने 7 और मूंदी थाना पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
अभियान के दौरान जिलेभर में कुल 80 गुंडा और निगरानी बदमाशों की भी जांच की गई। इसके अलावा अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4 व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।
खंडवा पुलिस का कहना है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
Read Next









