मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत पुलिस ने चलाया व्यापक जनजागरूकता अभियान

खंडवा। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 15 जुलाई से 30 जुलाई तक संचालित किए जा रहे “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत खंडवा पुलिस ने जिलेभर में धार्मिक स्थलों, शासकीय कार्यालयों, स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान लोगों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशामुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई गई।
अभियान का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं और आम नागरिकों को नशे की लत से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है।
अभियान के अंतर्गत उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल सिंह चौहान, महिला थाना प्रभारी सुलोचना गेहलोत एवं उनकी टीम ने दादाजी मंदिर में श्रद्धालुओं को नशा मुक्ति का संदेश देते हुए शपथ दिलाई।
महिला थाना पुलिस ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशामुक्ति की शपथ दिलाई। वहीं थाना किल्लौद पुलिस ने वन विभाग परिसर में कार्यक्रम आयोजित कर कर्मचारियों को जागरूक किया।
थाना धनगांव पुलिस ने ग्राम धनगांव में ग्रामीणों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया, जबकि थाना मान्धाता पुलिस ने ब्रह्मपुरी घाट पर आमजन को स्वयं और अपने परिजनों को नशे से दूर रखने के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में थाना पिपलोद पुलिस ने कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास, सिंगोट में छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त रहने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रमों के दौरान लोगों को मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 सहित अन्य आवश्यक हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। खंडवा पुलिस ने बताया कि “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत आगामी दिनों में भी जिलेभर में विभिन्न माध्यमों से जनजागरूकता कार्यक्रम जारी रहेंगे, ताकि नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में प्रभावी पहल की जा सके।
Read Next




खंडवा
खंडवा 
खंडवा