रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य पर शैलू मंडलोई का सम्मान, राज्यपाल ने किया गौरवांवित

खंडवा। टांट्या भील जयंती के अवसर पर 4 अप्रैल 2026, शनिवार को जिले की पंधाना तहसील के ग्राम बड़ौदा अहीर में आयोजित कार्यक्रम में समाजसेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले रक्तमित्र शैलू मंडलोई को सम्मानित किया गया। उन्हें मंगुभाई पटेल (मध्यप्रदेश के राज्यपाल) द्वारा रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान पत्र प्रदान किया गया।
जय महाराणा रक्तदान समूह भारत, खंडवा की महिला विंग अध्यक्ष संगीता एकले ने बताया कि शैलू मंडलोई पिछले 15 वर्षों से लगातार रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों से हजारों युवाओं ने रक्तदान को अपनाया है, जिससे थैलेसीमिया, सिकल सेल, गर्भवती महिलाओं और कैंसर पीड़ित मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो पा रहा है।
ओंकारेश्वर में शुरू करवाई अनूठी पहल
रक्तमित्र शैलू मंडलोई के प्रयासों से ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में भी रक्तदान की सुविधा शुरू की गई। करीब 3 वर्षों की मेहनत के बाद प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट के सहयोग से यह पहल साकार हो सकी।
यहां आने वाले श्रद्धालु अब दर्शन से पहले रक्तदान कर सकते हैं और उन्हें विशेष प्रोटोकॉल के तहत दर्शन की सुविधा भी दी जाती है। इससे एक ओर जहां श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संतोष मिलता है, वहीं दूसरी ओर जरूरतमंद मरीजों को जीवनदायिनी सहायता भी मिलती है।
हाल ही में 4 अप्रैल को ही 74 श्रद्धालुओं ने रक्तदान किया, जो पिछले एक महीने में सबसे अधिक संग्रह रहा। एक यूनिट रक्त तीन लोगों की जान बचा सकता है, ऐसे में यह पहल समाज के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है।
64 बार रक्तदान कर चुके हैं शैलू मंडलोई
शैलू मंडलोई स्वयं अब तक 64 बार रक्तदान कर चुके हैं और उनका पूरा परिवार देहदान के लिए भी संकल्पित है। उनकी संस्था द्वारा सैकड़ों रक्तदान शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिससे अनेक जरूरतमंद मरीजों की मदद हुई है।
उनके इस योगदान के लिए उन्हें देशभर में कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है। साथ ही, उनकी संस्था द्वारा रक्तदाताओं को भी सम्मानित किया जाता है, जिससे उनका मनोबल बढ़े और अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।
इस उपलब्धि पर संस्था के सदस्यों, परिवारजनों और समाज के लोगों ने शैलू मंडलोई को शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यों की सराहना की।
Read Next









