खंडवा में अतिक्रमण रोकने पहुंची वन टीम पर हमला, महिलाओं ने वस्त्र उतार झूठे मामले में फंसाने की दी धमकी..

मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में वन विभाग की सक्रियता के बावजूद अतिक्रमण की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला गुड़ी रेंज के भिलाईखेड़ा बीट अंतर्गत आमाखूजरी टांडा के कम्पार्टमेंट क्रमांक 748 का है, जहां अतिक्रमण कर खेती की तैयारी कर रहे एक परिवार ने वन विभाग की टीम के साथ मारपीट कर दी।
वन विभाग के अनुसार, संबंधित भूमि के सभी पट्टे पहले ही निरस्त किए जा चुके हैं, जिसके चलते यह जमीन अब शासकीय हो चुकी है। ऐसे में इस भूमि पर किसी भी प्रकार की खेती या निर्माण गतिविधि अवैध मानी जाएगी।
बताया गया है कि जब वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण रोकने लगी, तो मुआ सिंह का पूरा परिवार मौके पर मौजूद था और खेती की तैयारी कर रहा था। टीम द्वारा समझाइश देने पर आरोपियों ने न केवल मारपीट की, बल्कि महिलाओं द्वारा झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दी गई।
वन विभाग के अधिकारियों ने इस घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी है और मामले में वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। विभाग का कहना है कि क्षेत्र में लगातार अतिक्रमणकारी सक्रिय हैं और टीम पर हमले जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे बड़ी वारदात की आशंका बनी हुई है।
गौरतलब है कि मुख्य आरोपी मुआ सिंह के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई भी प्रस्तावित है। इसके अलावा मौके पर मौजूद कई लोगों के खिलाफ पूर्व में भी कार्रवाई की जा चुकी है, बावजूद इसके वे लगातार अवैध गतिविधियों में लिप्त हैं।
फिलहाल वन विभाग और प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई में जुटा हुआ है।
Read Next









