नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान के तहत जिला स्तरीय प्रतियोगिता सम्पन्न*

खंडवा 27 जुलाई 2026, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माय भारत, खंडवा द्वारा “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत” अभियान के तहत जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किशोर कुमार सभागार, खंडवा में किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड श्री आशीष कुशवाहा, समाजसेवी एवं वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. आलोक सेठी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संबोधित करते हुए डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड श्री कुशवाहा ने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में सकारात्मक सोच, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
“मेरा युवा भारत” कार्यालय की जिला अधिकारी सुश्री पल्लवी दुबे ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत वाद-विवाद, स्लैम पोएट्री, संगीत, नृत्य, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, स्लोगन लेखन एवं रील और लघु फिल्म निर्माण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि आज आयोजित प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित युवाओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु अपना सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षकगण, स्वयंसेवक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Read Next



खंडवा
खंडवा 

