सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में शिव-पार्वती विवाह प्रसंग से भावविभोर हुए श्रद्धालु, 28 फरवरी को हुआ भंडारा

सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में शिव-पार्वती विवाह प्रसंग से भावविभोर हुए श्रद्धालु, 28 फरवरी को हुआ भंडारा
खंडवा। वृंदावन गार्डन के सामने स्थित बसंत बहार कॉलोनी के सिद्धेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित सप्त दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा के अंतर्गत पंचम दिवस का आयोजन भक्तिभाव और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कथा के पांचवें दिन भगवान शिव और माता पार्वती के दिव्य विवाह प्रसंग का अत्यंत मार्मिक एवं भावपूर्ण वर्णन किया गया।
कथा व्यास पंडित निखिल भटोरे ने बताया कि किस प्रकार माता पार्वती ने कठोर तपस्या कर भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त किया। देवताओं, ऋषियों और समस्त लोकों की उपस्थिति में संपन्न इस दिव्य विवाह का सजीव चित्रण करते हुए उन्होंने शिव बारात की अद्भुत झांकी, हिमाचल नगरी का अलौकिक श्रृंगार और माता मैना की मातृ-वात्सल्य भावना का विस्तार से वर्णन किया। कथा श्रवण के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
भजनों की मधुर प्रस्तुति और “हर हर महादेव” के जयघोष से पूरा पंडाल शिवमय वातावरण में डूबा रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन कथा में पहुंचकर धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं।
समिति द्वारा भक्तों से आग्रह किया गया है कि वे शेष दिनों में भी अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करें। उल्लेखनीय है कि 28 फरवरी को मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
Read Next









