विश्व किडनी दिवस पर जिला चिकित्सालय खंडवा में जागरूकता कार्यक्रम व स्वास्थ्य शिविर आयोजित
खंडवा,
विश्व किडनी दिवस के अवसर पर श्री दादाजी धूनीवाले जिला चिकित्सालय खंडवा में मरीजों के लिए जागरूकता कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. संजय कुमार दादू और सिविल सर्जन डॉ. अनिरुद्ध के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डायलिसिस यूनिट के नोडल अधिकारी डॉ. पंकज जैन ने किडनी रोगों के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि विश्व किडनी दिवस मनाने का उद्देश्य लोगों को गुर्दे से संबंधित बीमारियों के प्रति सतर्क करना है। उन्होंने कहा कि किडनी रोग को नजरअंदाज करना खतरनाक साबित हो सकता है, इसलिए नियमित जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाना बेहद जरूरी है।
डॉ. जैन ने बताया कि किडनी की बीमारी के शुरुआती लक्षणों में लगातार उल्टी आना, भूख नहीं लगना, थकान और कमजोरी महसूस होना, पेशाब की मात्रा कम होना, खुजली की समस्या, नींद नहीं आना और मांसपेशियों में खिंचाव जैसे लक्षण शामिल हैं। उन्होंने कहा कि क्रोनिक किडनी रोग के प्रमुख कारणों में मधुमेह, उच्च रक्तचाप और अन्य स्वास्थ्य विकार भी शामिल हो सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि क्रोनिक किडनी रोग की शुरुआत में अक्सर कोई स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते हैं। हालांकि समय पर जांच और उपचार से इस बीमारी को गंभीर होने से रोका जा सकता है।
डॉ. जैन ने जानकारी दी कि जिला चिकित्सालय खंडवा में मरीजों के लिए डायलिसिस की 6 मशीनें उपलब्ध हैं, और यह सुविधा वर्ष 2016 से लगातार संचालित हो रही है। यहां खंडवा के अलावा आसपास के जिलों के मरीज भी उपचार के लिए आते हैं और इस सुविधा का लाभ उठाते हैं।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. रंजीत बडोले, सहायक अधीक्षक डॉ. सुनील बाजोलिया सहित अन्य चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी भी उपस्थित रहे।
Read Next


खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा 
