खंडवा में होटल टिक्कड़ पर प्रशासन का छापा: 1.71 लाख के 27 गैस सिलेंडर जब्त, मालिक और मैनेजर पर केस दर्ज
खंडवा। शहर में अवैध रूप से एलपीजी गैस सिलेंडरों के भंडारण और उपयोग के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित होटल टिक्कड़ (टिक्कड़ कैंटीन) पर संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गैस सिलेंडर जब्त किए। कार्रवाई के दौरान होटल परिसर से कुल 27 कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 71 हजार रुपये बताई गई है।
प्रशासन की टीम ने मौके पर मौजूद होटल के मैनेजर से सिलेंडरों के वैध कनेक्शन और दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई संतोषजनक कागजात पेश नहीं कर पाया। जांच में सामने आया कि होटल में भारत गैस और एचपी गैस कंपनी के सिलेंडर बिना वैध अनुमति के रखे गए थे।
छापेमारी के दौरान 47.5 किलो के 9 भरे और 6 खाली सिलेंडर, 19 किलो के 4 भरे और 4 खाली सिलेंडर तथा एचपी गैस के 4 खाली सिलेंडर जब्त किए गए। सभी सिलेंडरों को जब्ती में लेकर सुरक्षित रखने के लिए अधिकृत गैस एजेंसी को सुपुर्द कर दिया गया है।
इस मामले में होटल टिक्कड़ के मालिक अनिल जैन और मैनेजर दीपक अरझरे के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि दोनों के खिलाफ एलपीजी प्रदाय एवं वितरण विनियमन आदेश और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
प्रशासन का कहना है कि शहर में अवैध गैस भंडारण और घरेलू सिलेंडरों के दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
Read Next


खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा 
