खंडवा: हरसूद में भूख हड़ताल खत्म, प्रशासन के आश्वासन के बाद रुका रेलवे का काम
मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के हरसूद थाना क्षेत्र के छनेरा वार्ड क्रमांक 9 में रेलवे द्वारा रास्ते के पास बनाई जा रही दीवार को लेकर चल रहा विवाद फिलहाल थम गया है। स्थानीय रहवासियों की भूख हड़ताल प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गई है।
मंगलवार को एसडीएम आर.सी. खटेडिया, एसडीओपी सहित प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने भूख हड़ताल पर बैठे रहवासियों से चर्चा की, उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अगले आदेश तक रेलवे का दीवार निर्माण कार्य रोक दिया जाएगा। इस आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना अनशन समाप्त कर दिया।
गौरतलब है कि स्थानीय लोगों का कहना था कि रेलवे द्वारा बनाई जा रही दीवार से उनके वर्षों पुराने आवागमन का रास्ता बंद हो जाएगा, जिससे रोजमर्रा की आवाजाही में भारी परेशानी होगी। इसी मांग को लेकर क्षेत्रवासी भूख हड़ताल पर बैठे थे।
प्रशासन की पहल से फिलहाल मामला शांत हो गया है और क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। अब सभी की निगाहें प्रशासन और रेलवे के बीच होने वाली आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। लोगों को उम्मीद है कि जल्द ऐसा समाधान निकलेगा, जिससे विकास कार्य भी जारी रहे और आम जनता का रास्ता भी सुरक्षित बना रहे।
Read Next
खंडवा 
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा 
