खंडवा: गुरु पूर्णिमा पर प्लास्टिक मुक्त खंडवा का संकल्प, महापौर ने सेवादारों को दिए दोने-पत्तल
मध्यप्रदेश के खंडवा शहर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए नगर निगम महापौर अमृता अमर यादव ने एक सराहनीय पहल की है।
दादाजी महाराज की सेवा में जुटे विभिन्न भंडारा और सेवा समितियों के सेवादारों को नगर निगम की ओर से पर्यावरण अनुकूल दोने और पत्तल वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य प्लास्टिक और थर्माकोल से बने डिस्पोजल के उपयोग को कम करना और स्वच्छ, हरित एवं प्रदूषण मुक्त गुरु पूर्णिमा महोत्सव का संदेश देना है।
हर वर्ष देश के अलग-अलग राज्यों से लाखों श्रद्धालु खंडवा पहुंचते हैं। इतनी बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के बीच स्वच्छता बनाए रखना प्रशासन और नगर निगम के लिए एक बड़ी चुनौती होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए महापौर अमृता अमर यादव पिछले कई वर्षों से नगर निगम के माध्यम से पर्यावरण हितैषी दोने-पत्तलों का वितरण करवा रही हैं।
इस पहल से न केवल प्लास्टिक कचरे में कमी आएगी, बल्कि श्रद्धालुओं के बीच पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी पहुंचेगा। नगर निगम का मानना है कि धार्मिक आयोजनों के साथ स्वच्छता और प्रकृति संरक्षण को जोड़ना समय की आवश्यकता है।
महापौर ने सभी भंडारा समितियों, सेवादारों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे एकल-उपयोग प्लास्टिक का उपयोग न करें और स्वच्छ, सुंदर एवं हरित खंडवा के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाएं।
स्वच्छता, सेवा और पर्यावरण संरक्षण का यह प्रयास गुरु पूर्णिमा महोत्सव को और अधिक व्यवस्थित, प्रेरणादायक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Read Next
खंडवा 



खंडवा
खंडवा 