ACACU खंडवा: ओंकारेश्वर में खुले सेफ्टी टैंक में गिरा 3 साल का मासूम, पिता ने गंदगी भरे टैंक में कूदकर बचाया; हालत गंभीर
खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले की तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में गंभीर हादसा सामने आया है। ब्रह्मपुरी पार्किंग क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान तोड़े गए सेफ्टी टैंक का हिस्सा खुला होने के कारण तीन वर्षीय मासूम उसमें जा गिरा। बच्चे को गंभीर हालत में उपचार के लिए सनावद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के नागपुर निवासी कैलाश उसराठे अपने परिवार के साथ ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने पहुंचे थे। ब्रह्मपुरी पार्किंग में बस से उतरने के बाद उनका तीन वर्षीय बेटा तनुष खेलते हुए आगे की ओर चला गया। इसी दौरान लौवंशी धर्मशाला के पास खुले सेफ्टी टैंक में वह गिर गया।
मासूम के टैंक में गिरते ही चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर पिता कैलाश मौके पर पहुंचे और बेटे को बचाने के लिए तत्काल गंदगी से भरे टैंक में कूद गए। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने तनुष को बाहर निकाला। घटना के बाद मौके पर मौजूद श्रद्धालु और बस में सवार अन्य लोग भी सहायता के लिए पहुंचे।
मासूम को तत्काल ओंकारेश्वर सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉ. रवि वर्मा ने उसका उपचार शुरू किया। बताया जा रहा है कि गंदा पानी शरीर में चले जाने के कारण बच्चे को सांस लेने में गंभीर परेशानी हो रही थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर एंबुलेंस से सनावद रेफर किया गया। फिलहाल निजी अस्पताल में उसका उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद ब्रह्मपुरी पार्किंग क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान सेफ्टी टैंक का हिस्सा टूटने के बाद उसे खुला छोड़ दिया गया था। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि दुर्घटना रोकने के लिए खुले हिस्से को सुरक्षित क्यों नहीं किया गया और वहां बैरिकेडिंग जैसे इंतजाम क्यों नहीं किए गए।
तीर्थनगरी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और परिवारों का आवागमन होता है। ऐसे सार्वजनिक स्थान पर खुले टैंक से हुआ यह हादसा सुरक्षा इंतजामों की गंभीर कमी की ओर इशारा करता है। फिलहाल तीन वर्षीय तनुष का उपचार जारी है।
Read Next
खंडवा 

खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा 
