खंडवा: लाखों श्रद्धालुओं के भंडारों पर संकट! विधायक कंचन तनवे ने खाद्य मंत्री को सौंपा पत्र
गुरु पूर्णिमा मेले के भंडारों में गैस सिलेंडर की समस्या विधानसभा तक पहुंची, विधायक कंचन तनवे ने खाद्य मंत्री को सौंपा पत्र
खंडवा। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर खंडवा में आयोजित होने वाले विशाल मेले और वर्षों से संचालित भंडारों में गैस सिलेंडरों की उपलब्धता का मुद्दा विधानसभा सत्र के दौरान उठा। खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे ने इस समस्या को गंभीरता से उठाते हुए मध्यप्रदेश शासन के खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को पत्र सौंपा और भंडारा आयोजकों के लिए पर्याप्त संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की।
विधायक तनवे ने पत्र में बताया कि खंडवा का गुरु पूर्णिमा मेला आस्था और सेवा का बड़ा पर्व है, जिसमें लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं। पिछले कई दशकों से सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं द्वारा श्रद्धालुओं के लिए निःस्वार्थ भाव से विशाल भंडारों का आयोजन किया जाता रहा है।
उन्होंने कहा कि भंडारों के संचालन के लिए समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध होना आवश्यक है। व्यावसायिक गैस सिलेंडर महंगे होने के कारण भंडारा समितियों के सेवा कार्य पर आर्थिक भार बढ़ता है। इसी को देखते हुए मेले के दौरान आयोजकों को पर्याप्त घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
खाद्य मंत्री ने दिया व्यवस्था का भरोसा
खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने विधायक कंचन मुकेश तनवे को आश्वस्त किया कि गुरु पूर्णिमा मेले के दौरान गैस सिलेंडरों की उपलब्धता में परेशानी नहीं आने दी जाएगी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएंगे।
विधायक तनवे ने मंत्री के आश्वासन पर संतोष जताते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता, धार्मिक आयोजनों और जनसेवा से जुड़े कार्यों को सुचारु रूप से संचालित कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शासन के सहयोग से गुरु पूर्णिमा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और भंडारा समितियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।
Read Next
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा 


