सनावद के दो युवकों को गांजा तस्करी में बेड़ियां पुलिस ने किया गिरफ्तार, 5.1 किलो गांजा और अपाचे बाइक जब्त
सनावद/खरगोन। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के तहत बेड़ियां पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में सनावद के दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा और तस्करी में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल जब्त की है।
बड़वाह एसडीओपी अर्चना रावत ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक मोटरसाइकिल से पिपरीखेड़ा से बेड़ियां की ओर अवैध गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी बेड़ियां के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर जमानिया घाटी के पास नाकाबंदी की गई।
कुछ देर बाद एक अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को रोककर पूछताछ की। आरोपियों ने अपनी पहचान शुलभ निवासी सरस्वती कॉलोनी, सनावद और गौतम निवासी ओंकार बाग कॉलोनी, सनावद के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान दोनों के पास मौजूद खाद की बोरी की जांच करने पर उसमें 5 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जब पुलिस ने गांजा रखने के संबंध में वैध दस्तावेज या लाइसेंस मांगा तो आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब 80 हजार रुपये कीमत का गांजा तथा लगभग 1 लाख रुपये कीमत की अपाचे मोटरसाइकिल जब्त कर ली। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत बेड़ियां थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
एसडीओपी अर्चना रावत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से गांजा तस्करी के नेटवर्क और सप्लायरों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह गांजा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी।
इस कार्रवाई को बड़वाह एसडीओपी अर्चना रावत के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बेड़ियां एवं पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Read Next









खंडवा