Khandwa Court में हाई वोल्टेज ड्रामा! 9 साल की बच्ची की कस्टडी को लेकर भिड़े दो परिवार
खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिला न्यायालय परिसर में बुधवार शाम नौ वर्षीय बच्ची की अभिरक्षा (कस्टडी) को लेकर पति-पत्नी और उनके परिजनों के बीच विवाद हो गया। करीब आधे घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, बुरहानपुर निवासी पिता अपनी नौ वर्षीय बेटी के साथ जिला न्यायालय पहुंचे थे, जबकि खंडवा निवासी मां भी अपने परिजनों के साथ वहां मौजूद थी। बच्ची की अभिरक्षा को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कहासुनी हुई थी, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने शांत करा दिया था।
शाम करीब पांच बजे दोनों पक्षों के बीच विवाद फिर बढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्ष बच्ची को अपने साथ ले जाने का प्रयास करने लगे। इस दौरान बच्ची रोती-बिलखती रही और न्यायालय परिसर में धक्का-मुक्की तथा हंगामे जैसी स्थिति बन गई। शोर-शराबा सुनकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
स्थिति बिगड़ती देख न्यायालय परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं ने हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को अलग कर मामला शांत कराया। इसके बाद न्यायालय परिसर का माहौल सामान्य हो गया।
यह मामला पारिवारिक अभिरक्षा विवाद से जुड़ा है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। नाबालिग बच्ची के हित और उसकी निजता को ध्यान में रखते हुए उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की जा रही है।
Read Next






खंडवा
खंडवा 
