ओंकारेश्वर: यात्री ने लगाया पर्स चोरी का आरोप, बस कंडक्टर पुलिस के हवाले
मध्यप्रदेश के खंडवा जिले की तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में एक बस कंडक्टर पर यात्री का पर्स चोरी करने के आरोप का मामला सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, एक यात्री ने बस कंडक्टर पर अपना पर्स चोरी करने का आरोप लगाया। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कंडक्टर को पकड़ लिया और उसकी तलाशी ली। लोगों का दावा है कि तलाशी के दौरान उसकी जेब से यात्री का पर्स मिला। इसके बाद लोगों ने कंडक्टर को पुलिस के हवाले कर दिया।
सूचना मिलने पर मांधाता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बताए जा रहे कंडक्टर को थाने ले गई। मांधाता थाना प्रभारी अनूप सिंधिया ने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त हुई है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, इस पूरे मामले में बस कंडक्टर ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उसका कहना है कि उसने किसी भी यात्री का पर्स चोरी नहीं किया। कंडक्टर के अनुसार, वह प्रतिदिन सैकड़ों यात्रियों के साथ बस में सफर करता है और आज तक उस पर इस तरह का कोई आरोप नहीं लगा। उसने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि उसके खिलाफ लगाए गए आरोप पूरी तरह झूठे हैं।
फिलहाल इस मामले में पुलिस जांच जारी है। ऐसे में वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के दावों के बीच वास्तविक स्थिति पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
Read Next

खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा 

