खंडवा पुलिस का सख्त अभियान! तेज रफ्तार और मॉडिफाइड वाहनों पर कार्रवाई, 36 चालान काटे
खंडवा पुलिस द्वारा आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यातायात सुरक्षा और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के उद्देश्य से जिलेभर में सघन वाहन चेकिंग अभियान संचालित किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों के प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल के साथ वाहन चेकिंग की कार्रवाई की। इस दौरान तेज गति से वाहन चलाने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने तथा मॉडिफाइड वाहनों का उपयोग करने वाले वाहन चालकों पर विशेष नजर रखी गई।
अभियान के दौरान कुल 36 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई और 13 हजार 600 रुपये का समन शुल्क वसूल किया गया।
चेकिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और मॉडिफाइड वाहनों का उपयोग नहीं करने की समझाइश भी दी।
खंडवा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
Read Next









