सिंचाई योजना की लापरवाही से किसान की फसल बर्बाद: 70 क्विंटल गेहूं और 40 क्विंटल चना पानी में डूबा, 10 क्विंटल बहा
खंडवा। मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के ग्राम जावर में सिंचाई योजना से जुड़ी कंपनी की लापरवाही के चलते एक किसान की मेहनत पर पानी फिर गया। खेत में पानी भरने से किसान की बड़ी मात्रा में रखी फसल खराब हो गई और कुछ अनाज पानी में बह भी गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम जावर निवासी किसान आकाश पिता मिश्रा लाल यादव ने अपनी फसल काटकर खेत में सूखने के लिए रखी हुई थी। किसान के मुताबिक खेत में करीब 70 क्विंटल गेहूं और 40 क्विंटल चना सूखने के लिए रखा था। इसी दौरान जावर उद्वहन सिंचाई योजना से जुड़ी कंपनी ने पानी की सप्लाई शुरू कर दी, जिससे अचानक खेत में पानी भर गया।
किसान का आरोप है कि सिंचाई योजना की पाइपलाइन या सिस्टम में पहले से लीकेज की समस्या है और इस बारे में कंपनी को कई बार शिकायत की जा चुकी है। ग्रामीणों ने बताया कि जब-जब योजना का ट्रायल किया जाता है, तब-तब आसपास के खेतों में पानी भरने की समस्या सामने आती है। इसके बावजूद कंपनी द्वारा इस समस्या को ठीक करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
बताया जा रहा है कि पानी आने से खेत में रखा 70 क्विंटल गेहूं और 40 क्विंटल चना भीग गया, जबकि करीब 10 क्विंटल अनाज पानी के बहाव में बह गया, जिससे किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
पीड़ित किसान ने इस मामले में जिला प्रशासन से जांच कराने, जिम्मेदार कंपनी पर कार्रवाई करने और हुए नुकसान की आर्थिक भरपाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते सिंचाई योजना की खामियों को दूर नहीं किया गया तो भविष्य में भी किसानों को इसी तरह नुकसान उठाना पड़ सकता है।
Read Next


खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा 
