खंडवा :स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर सख्त, एएनएम की दो वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश

खंडवा, 13 मार्च 2026।
कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने शुक्रवार को जनपद पंचायत खंडवा के सभाकक्ष में जावर विकासखंड के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व स्वास्थ्य जांच समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि गर्भावस्था के 9 माह के दौरान कम से कम 4 बार स्वास्थ्य परीक्षण गांव की स्वास्थ्य कार्यकर्ता और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा अनिवार्य रूप से किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं की जांच से संबंधित सभी जानकारी विभाग के पोर्टल पर समय पर दर्ज की जाए।
समीक्षा के दौरान ग्राम अमलपुरा की एएनएम श्रीमती नीता तिरोले द्वारा गर्भवती महिलाओं के रक्तचाप की सही जानकारी पोर्टल पर अपडेट नहीं करने का मामला सामने आने पर कलेक्टर ने उनकी दो वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओ.पी. जुगतावत, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रश्मि कौशल, डीपीएम शैलेंद्र सोलंकी, जावर के विकासखंड चिकित्सा अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के सुपरवाइजर्स, स्वास्थ्य कार्यकर्ता और कंप्यूटर ऑपरेटर उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने एनीमिक गर्भवती महिलाओं के मामलों में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने जिले में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और मातृ मृत्यु दर तथा शिशु मृत्यु दर को कम करने के लिए हर संभव प्रयास करने पर जोर दिया।
बैठक में कलेक्टर ने बड़गांवमाली और बड़गांव गुर्जर में शिविर लगाकर गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कराने के निर्देश दिए। वहीं बमनगांव अखाई और पिपल्याफूल में किशोरी बालिकाओं को आयरन टैबलेट के महत्व के प्रति जागरूक करने के लिए शिविर आयोजित करने को कहा।
इसके अलावा कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि 70 वर्ष से अधिक आयु के जिन वृद्धजनों के आयुष्मान कार्ड नहीं बने हैं, उनके कार्ड 7 दिवस के भीतर बनवाए जाएं। साथ ही ग्रामीण अस्पतालों में आने वाले मरीजों को ई-संजीवनी सेवा का लाभ दिलाने के भी निर्देश दिए।
बैठक में क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम, परिवार कल्याण कार्यक्रम, राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम, एड्स नियंत्रण कार्यक्रम और टीकाकरण सहित अन्य स्वास्थ्य योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
Read Next


खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा 
