खंडवा में जनगणना-2027 को लेकर अधिकारियों का प्रशिक्षण, घरों की लिस्टिंग मई से शुरू होगी

खंडवा | जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत गुरुवार को खंडवा के ई-दक्ष केन्द्र में अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों को प्रक्रिया, डेटा संग्रहण और सर्वे की तैयारी के संबंध में आवश्यक जानकारी देना था।
कार्यक्रम में जिले के जनगणना चार्ज अधिकारी और अन्य सहायक अधिकारी मौजूद रहे। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना नोडल अधिकारी बजरंग बहादुर ने कहा कि प्रत्येक 10 वर्ष में होने वाली जनगणना देश के विकास और नीति निर्माण के लिए महत्वपूर्ण होती है, इसलिए सभी अधिकारी इस कार्य के लिए पूरी गंभीरता से प्रशिक्षण लें।
उन्होंने बताया कि जनगणना के लिए 15 से 30 अप्रैल 2026 तक नागरिकों को स्वयं जनगणना पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज करने की सुविधा दी जाएगी। इसके बाद मई 2026 से घरों की लिस्टिंग और सर्वे का कार्य शुरू किया जाएगा।
प्रशिक्षण में अधिकारियों को मकानों के सूचीकरण और नंबरिंग की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई। निर्देश दिए गए कि कोई भी मकान सूचीकरण से छूटना नहीं चाहिए और प्रत्येक मकान को अलग नंबर दिया जाएगा।
साथ ही बताया गया कि फरवरी 2027 में घर-घर जाकर जनगणना की जानकारी एकत्र की जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को भारत की जनगणना की प्रक्रिया, डेटा कलेक्शन, सत्यापन और जनगणना-2027 की मुख्य कार्यप्रणाली के बारे में भी जानकारी दी गई।
यह प्रशिक्षण भोपाल से आए मास्टर ट्रेनर निखिल तिवारी द्वारा दिया गया, जिसमें अधिकारियों को जनगणना के विभिन्न चरणों और तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया गया।
Read Next

खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा