सिंहस्थ 2028 से पहले ओंकारेश्वर घाटों पर बवाल, कांग्रेस ने उठाए गुणवत्ता पर सवाल
खंडवा/ओंकारेश्वर। आगामी सिंहस्थ की तैयारियों के बीच ओंकारेश्वर में निर्माणाधीन घाटों की गुणवत्ता को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कांग्रेस पार्षदों और कार्यकर्ताओं के साथ घाटों का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच कराने की मांग की है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ने कहा कि स्थानीय लोगों से घाट निर्माण में गुणवत्ताहीन कार्य की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर उन्होंने निर्माणाधीन घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दावा किया कि घाटों की एंकरिंग की गहराई पर्याप्त नहीं है, जिससे भविष्य में बाढ़ आने पर घाटों के क्षतिग्रस्त होने या उखड़ने का खतरा हो सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं दिखाई दी।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि उत्तमपाल सिंह ने प्रशासन और निर्माण एजेंसी से कहा है कि सिंहस्थ जैसे बड़े धार्मिक आयोजन और नर्मदा में संभावित बाढ़ को देखते हुए निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। उनका कहना है कि जब नर्मदा का जलस्तर बढ़ता है तो मजबूत निर्माण भी चुनौती का सामना करते हैं, ऐसे में कमजोर निर्माण भविष्य में बड़ा खतरा बन सकता है।
उत्तमपाल सिंह ने पूर्व में बाढ़ के दौरान घाट की दीवार क्षतिग्रस्त होने की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि उस अनुभव से सीख लेकर वर्तमान निर्माण कार्य को तय तकनीकी मानकों और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ओंकारेश्वर देश के प्रमुख आस्था केंद्रों में से एक है और यहां आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने प्रशासन से निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने, गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने तथा मानकों में कमी पाए जाने पर संबंधित निर्माण एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही ठेकेदारों से ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य करने की अपील भी की।
निरीक्षण के दौरान ओंकारेश्वर नगर कांग्रेस अध्यक्ष एवं पार्षद चम्पाबाई, पार्षद छन्दई बाई, मंडलम अध्यक्ष चंद्रकांत माहिल्या, तुलसीराम, दिलीप गवले, अनुराग जोशी, नमन कटारे, गब्बर वर्मा, छाया बाई सहित कांग्रेस कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
Read Next
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा 




