*जिला जेल पहुंचे प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री संजीव श्रीवास्तव, बंदियों से सीधे संवाद कर जाना हाल, दिए आवश्यक निर्देश*

माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खंडवा श्री संजीव श्रीवास्तव ने आज जिला जेल, खंडवा का औचक निरीक्षण कर जेल व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रत्येक बैरक में पहुंचकर बंदियों से सीधे संवाद किया तथा उनके प्रकरणों, न्यायालयीन कार्यवाही एवं अधिवक्ता की उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
जिन बंदियों के पास अधिवक्ता उपलब्ध नहीं थे अथवा जिन्हें विधिक सहायता की आवश्यकता थी, उनके नाम नोट कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता योजना की जानकारी देते हुए बताया कि आर्थिक अभाव किसी भी व्यक्ति को न्याय प्राप्त करने से वंचित नहीं कर सकता।
माननीय श्री श्रीवास्तव ने बंदियों से भोजन की गुणवत्ता, समय पर नाश्ता एवं भोजन उपलब्ध होने, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं के संबंध में भी चर्चा की। उन्होंने पाकशाला का संक्षिप्त निरीक्षण कर भोजन व्यवस्था का अवलोकन किया तथा जेल परिसर में स्वच्छता एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए जेल प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री पीयूष भावे, जेल अधीक्षक श्री डी.के. सारस, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री दिलावर सिंह, सहायक जेल अधीक्षक श्री मनोज चौरसिया, लीगल एड डिफेंस काउंसिल श्री दशरथ सिंह चौहान, डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल श्री प्रीतेश दुबे, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल श्री निखिल गौतम सहित जेल स्टाफ उपस्थित रहा।
Read Next
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा 


