खंडवा में भारतीय किसान संघ की अहम बैठक: गेहूं-चना उपार्जन, ऋण वसूली और सुविधाओं पर उठे बड़े मुद्दे

खंडवा (मध्यप्रदेश):
भारतीय किसान संघ जिला खंडवा की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार, 25 मार्च 2026 को जिला पंचायत सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिले के कई वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही, जिनमें अपर कलेक्टर के. आर. बडोले, सृष्टि देशमुख और डीडीए नितेश यादव प्रमुख रूप से शामिल रहे।
बैठक में आगामी 1 अप्रैल 2026 से शुरू होने जा रहे गेहूं एवं चने की फसल के उपार्जन के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।
किसान संघ ने शासन को अवगत कराया कि इस वर्ष गेहूं और चने की फसल उच्च गुणवत्ता की हुई है, इसलिए किसानों को “मिट्टी-कुसी” जैसे कारण बताकर अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। संघ ने मांग की कि उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए लाइट, पानी और छांव जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
इसके साथ ही सुझाव दिया गया कि बड़े प्लेट कांटों पर ट्रॉलियों के माध्यम से सीधे उपज का वजन किया जाए, जिससे प्रक्रिया तेज और पारदर्शी बन सके।
बैठक में एक महत्वपूर्ण मुद्दा ऋण वसूली का भी उठा। किसान संघ ने सवाल उठाया कि जब उपार्जन प्रक्रिया 1 अप्रैल से शुरू हो रही है, तो ऋण वसूली की तारीख 28 मार्च क्यों रखी गई है। संघ ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि बैंकों द्वारा ऋण वसूली की अंतिम तिथि 31 मई 2026 तक बढ़ाई जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके।
डीडीए नितेश यादव द्वारा आगामी सीजन में रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर टोकन प्रणाली पर विस्तृत जानकारी दी गई। किसानों को प्रोजेक्टर के माध्यम से खाद बुकिंग की प्रक्रिया भी समझाई गई।
बैठक में भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष राधेश्याम चच्चरिया, जिला मंत्री सुभाष पटेल, जिला मीडिया प्रभारी अभिषेक गंगराड़े सहित संदीप सिंह सोलंकी, रामेश्वर कुशवाहा, दिनेश महाजन, शैलेंद्र सिंह, गुलाब भाई, सेवक राम, ताराचंद, हर सिंह डोडे, राकेश सिंह सहित कई किसान प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Read Next
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा 




