खंडवा-मूंदी मार्ग पर चलती बस पर पथराव, फिल्मी स्टाइल में गुंडो ने किया हमला.. शीशे टूटे, महिला सहित कई यात्री घायल; यात्रियों में दहशत
खंडवा। खंडवा-मूंदी मार्ग पर चलती बस पर बदमाशों द्वारा पथराव किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में बस के शीशे टूट गए, जबकि कुछ यात्रियों को पत्थर लगने से चोटें आई हैं। घायलों में एक महिला यात्री भी शामिल बताई जा रही है। अचानक हुए हमले से बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्री दहशत में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ बदमाशों ने बस का पीछा करते हुए चलती बस पर पत्थर बरसाए। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए बस चालक ने हिम्मत दिखाते हुए करीब 10 किलोमीटर तक बस तेज गति से चलाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। इस दौरान यात्री चीखते-चिल्लाते रहे और कई लोग सीटों के नीचे छिप गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला पुराने आपसी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पिछले दिनों बस संचालकों के बीच विवाद होने की चर्चा भी सामने आई है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की शिकायत बाद में सनावद थाना में की गई है, जहां पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद वैधानिक कार्रवाई करने की बात कही है।
चलती बस पर पथराव कर यात्रियों की जान खतरे में डालने की इस घटना ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों ने आरोपियों की पहचान कर कठोर कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की वारदात दोबारा न हो।
Read Next









