खंडवा में नेशनल हॉर्टिकल्चर बोर्ड का क्षेत्रीय कार्यालय खोलने की मांग, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने संसद में उठाया किसानों का मुद्दा

खंडवा। खंडवा संसदीय क्षेत्र के किसानों और बागवानी से जुड़ी समस्याओं को लेकर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने लोकसभा में महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया है। उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री से खंडवा में नेशनल हॉर्टिकल्चर बोर्ड (NHB) का क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित करने की मांग की है।
लोकसभा सचिवालय के 23 जुलाई 2026 के दस्तावेज के अनुसार सांसद पाटिल ने नियम 377 के अधीन यह मामला उठाते हुए कहा कि खंडवा निमाड़ अंचल में आता है, जहां किसान तेजी से बागवानी की ओर अग्रसर हो रहे हैं। वर्तमान में नेशनल हॉर्टिकल्चर बोर्ड का प्रादेशिक कार्यालय भोपाल में है, जबकि इसका मुख्य कार्यालय गुरुग्राम में स्थित है।
योजनाओं का लाभ लेने भोपाल तक जाना पड़ता है किसानों को
सांसद पाटिल ने सदन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि हॉर्टिकल्चर बोर्ड की विभिन्न योजनाओं और ऋण सुविधाओं का लाभ लेने के लिए क्षेत्र के किसानों को बार-बार भोपाल की लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। पूर्व निमाड़ से भोपाल की दूरी करीब 270 किलोमीटर है, जबकि खंडवा से गुरुग्राम की दूरी 800 किलोमीटर से भी अधिक है।
उन्होंने कहा कि इतनी अधिक दूरी और यात्रा पर होने वाले खर्च के कारण क्षेत्र के छोटे, लघु और सीमांत किसान सरकारी योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह जाते हैं, जबकि अन्य क्षेत्रों के किसान इन सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं।
खंडवा में NHB कार्यालय खोलने की मांग
सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा कि निमाड़ क्षेत्र के किसानों की सुविधा, उनके आर्थिक विकास और बागवानी को बढ़ावा देने के लिए खंडवा में नेशनल हॉर्टिकल्चर बोर्ड का क्षेत्रीय कार्यालय खोला जाना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री से आग्रह किया है कि खंडवा में एनएचबी का कार्यालय स्थापित किया जाए, जिससे किसानों को योजनाओं और ऋण सुविधाओं के लिए सैकड़ों किलोमीटर की यात्रा न करनी पड़े और उन्हें स्थानीय स्तर पर सुविधाओं का लाभ मिल सके।
यह मामला 23 जुलाई 2026 को लोकसभा में नियम 377 के अधीन उठाया गया।
Read Next
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा 


