खंडवा : भाजपा कार्यालय तक नहीं पहुंच सके कांग्रेसी, इंदिरा चौक पर हुआ जोरदार प्रदर्शन
खंडवा। मध्य प्रदेश राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के विरोध में कांग्रेस, एनएसयूआई और युवा कांग्रेस द्वारा लगातार प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को खंडवा में कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और मुख्यमंत्री के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता चुनाव आयोग का पुतला और मुख्यमंत्री की तस्वीर लेकर पहुंचे थे। हालांकि, मौके पर मौजूद खंडवा कोतवाली पुलिस ने पुतला और तस्वीर को अपने कब्जे में ले लिया, जिससे कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच काफी देर तक बहस और हंगामे की स्थिति बनी रही।
जानकारी के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने पहले भाजपा कार्यालय के सामने पुतला दहन करने की घोषणा की थी, लेकिन पुलिस की सख्ती और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रदर्शन इंदिरा चौक पर किया गया। नगर निगम की फायर ब्रिगेड टीम और कोतवाली पुलिस पहले से ही मौके पर तैनात थी।
पुलिस ने भाजपा कार्यालय के सामने पुतला दहन की अनुमति नहीं दी, जिसके चलते कार्यकर्ताओं ने मौके पर ही विरोध दर्ज कराया और राज्य सरकार तथा चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किया जाना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ है और इसके विरोध में आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। वहीं, पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही।
Read Next









