खंडवा: शादी में DJ पर पूर्ण प्रतिबंध, नियम तोड़ने पर ₹21-21 हजार जुर्माना
खंडवा। श्री तिरोले कुनबी पटेल समाज एवं युवा संगठन खंडवा की वार्षिक कार्ययोजना को लेकर दो दिवसीय बैठक ओंकारेश्वर में आयोजित की गई। बैठक में समाज में अनुशासन, एकता, सेवा और संस्कार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए।
बैठक में बारात में DJ पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया। नियम का उल्लंघन करने पर वर और वधु दोनों पक्षों से 21-21 हजार रुपए संगठन कोष में जमा कराने का फैसला लिया गया है।
इसके अलावा सामाजिक कार्यक्रमों में होने वाले अनावश्यक खर्च और दिखावे को कम करने पर भी जोर दिया गया। बच्चे के जन्म के बाद होने वाले पावना-पावनी और गोद भराई कार्यक्रम में मेहमानों की संख्या सीमित रखने का निर्णय लिया गया। वहीं सगाई समारोह में भी केवल करीबी परिवारजनों की मौजूदगी में सीमित आयोजन करने पर सहमति बनी।
समाज में मृत्यु के बाद अंतिम यात्रा के दौरान कपड़े ले जाने की परंपरा पर भी रोक लगाने का निर्णय लिया गया है। अब इसके स्थान पर केवल घी, कपूर और अगरबत्ती ले जाने की व्यवस्था रहेगी। साथ ही वर्ष में केवल एक बार धन संग्रह करने की वार्षिक योजना को भी मंजूरी दी गई।
युवाओं, महिलाओं और बालिकाओं के लिए होंगे कार्यक्रम
बैठक में सामाजिक विकास से जुड़े कई कार्यक्रमों को वार्षिक कार्ययोजना में शामिल किया गया। सितंबर में युवाओं के लिए सेक्टर स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही महिला सम्मेलन, बालिका शिक्षा कार्यशाला, किसान विकास कार्यशालाएं और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए रोजगार मेलों का आयोजन भी किया जाएगा।
बैठक में समाज के जिला अध्यक्ष सिद्धनाथ पटेल, खंडवा धर्मशाला अध्यक्ष अरुण पटेल, युवा संगठन अध्यक्ष डॉ. सावन पटेल, पूर्व अध्यक्ष रामेश्वर पटेल सहित समाज के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे।
Read Next
खंडवा 

खंडवा 
खंडवा 
खंडवा 
