वंदे मातरम् के कथित अनादर के विरोध में भाजपा का कैंडल मार्च

मध्यप्रदेश के बुरहानपुर में स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के कथित अनादर के विरोध में भाजपा जिला संगठन ने कैंडल मार्च निकालकर विरोध दर्ज कराया। यह मार्च छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा से शुरू होकर सिंधी बस्ती स्थित कांग्रेस कार्यालय तक पहुंचा।
मार्च में सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, पूर्व मंत्री एवं विधायक अर्चना चीटनीस, महापौर माधुरी अतुल पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री माने सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने एक हाथ में तिरंगा और दूसरे हाथ में मोमबत्ती लेकर राष्ट्रगीत के सम्मान में आवाज बुलंद की।
भाजपा नेताओं ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रभक्ति की भावना का प्रतीक है। सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान असंख्य क्रांतिकारियों ने ‘वंदे मातरम्’ को राष्ट्रभक्ति के मंत्र के रूप में अपनाया था। ऐसे राष्ट्रगीत के प्रति किसी भी प्रकार का अनादर देशवासियों की भावनाओं को आहत करता है।
विधायक अर्चना चीटनीस और महापौर माधुरी पटेल ने भी कथित घटना को आपत्तिजनक बताते हुए कहा कि राष्ट्रगीत के सम्मान और राष्ट्रीय भावनाओं के मुद्दे पर भाजपा कार्यकर्ता आगे भी अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे।
कैंडल मार्च के दौरान कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की मौजूदगी के बीच मार्च के जरिए राष्ट्रगीत के सम्मान और देशभक्ति का संदेश दिया गया।
Read Next
खंडवा 
खंडवा 





