मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान: नगरीय प्रशासन आयुक्त संकेत भोंडवे ने किया खंडवा शहर का दौरा, विकास कार्यों का लिया जायजा

खंडवा, 8 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आयुक्त श्री संकेत भोंडवे ने शनिवार को खंडवा शहर का भ्रमण कर नगर निगम क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास कार्यों और परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को शहर के विकास, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आयुक्त श्री भोंडवे पूल वाहन से अपर कलेक्टर श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा, नगर निगम आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत सहित अन्य अधिकारियों के साथ सिविल लाइंस स्थित नमोवन पहुंचे। यहां स्वसहायता समूह की महिलाओं ने पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया।
नमोवन में विकसित होगा ‘एक नगर-एक जंगल’ का कॉन्सेप्ट
नमोवन के निरीक्षण के दौरान आयुक्त श्री भोंडवे ने नगर निगम आयुक्त को बेम्बू पार्क स्थापित करने तथा मियावाकी पद्धति से ‘एक नगर-एक जंगल’ की अवधारणा विकसित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों से अपील की कि विशेष अवसरों पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी लें।
महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने कहा कि नागरिक नमोवन में कभी भी आकर पौधरोपण कर सकते हैं। नगर निगम की टीम द्वारा उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और स्वसहायता समूह की महिलाओं ने पौधरोपण किया। शनिवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुल 25 हजार पौधे रोपे गए।
नए निगम भवन में वर्टिकल गार्डन और रूफ टॉप जिम का सुझाव
भ्रमण के दौरान आयुक्त श्री भोंडवे ने नवीन नगर निगम कार्यालय भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भवन में वर्टिकल वॉल गार्डन और रूफ टॉप जिम विकसित करने का सुझाव दिया, ताकि हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ नागरिकों और कर्मचारियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
स्वीमिंग पूल की व्यवस्था की सराहना
आयुक्त ने शहर के स्वीमिंग पूल का निरीक्षण कर वहां की साफ-सफाई और मेंटेनेंस व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों से नागरिक सुविधाओं के रखरखाव और नियमित निगरानी पर विशेष ध्यान देने को कहा।
इसके बाद उन्होंने निर्माणाधीन फायर स्टेशन का भी निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
सड़कों की गुणवत्ता जांच के लिए मोबाइल टेस्टिंग लैब
शहर की सड़कों की गुणवत्ता को लेकर भी आयुक्त श्री संकेत भोंडवे ने महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों की गुणवत्ता के परीक्षण के लिए खंडवा में मोबाइल टेस्टिंग लैब स्थापित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए, जिससे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की मौके पर जांच सुनिश्चित की जा सके।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आयुक्त के इस भ्रमण को शहर में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Read Next
खंडवा 
खंडवा
खंडवा 




खंडवा