खंडवा: मिलादुन्नबी, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी और गोगा नवमी को लेकर शांति समिति की बैठक, खास निर्देश दिये
मध्यप्रदेश के खंडवा में आगामी मिलादुन्नबी, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी और गोगा नवमी त्योहारों को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
कलेक्टर ऋषव गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में पुलिस अधीक्षक अगम जैन सहित प्रशासनिक अधिकारी, शहर काजी और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।
कलेक्टर ने सभी से त्योहारों को आपसी सद्भाव और परंपरागत हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
त्योहारों के दौरान जुलूस और चल समारोह में डीजे साउंड सिस्टम का कम से कम इस्तेमाल करने और सोशल मीडिया पर अफवाह या विवादित संदेश शेयर नहीं करने की अपील की गई।
वहीं, पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने चेतावनी दी कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी जुलूस और चल समारोह निर्धारित मार्ग और निर्धारित समय के अनुसार ही निकाले जाएं।
प्रशासन ने सड़कों की मरम्मत, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और जल प्रदाय व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि त्योहारों की खुशी मनाते समय इस बात का ध्यान रखें कि हमारा जश्न किसी दूसरे व्यक्ति के लिए परेशानी का कारण न बने।
Read Next




खंडवा 



