खंडवा: टाटा मैजिक चोरी का खुलासा, महाराष्ट्र में आरोपी गिरफ्तार, वाहन जब्त
खंडवा। जिले के पिपलोद थाना पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए महाराष्ट्र से चोरी गया टाटा ACE मैजिक वाहन बरामद कर लिया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम गुडीखेड़ा निवासी उमाशंकर पिता बद्रीप्रसाद कोरी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका सफेद रंग का टाटा ACE मैजिक वाहन (क्रमांक MP 09 T 6445), जिसे उन्होंने अपनी पत्नी सुनिताबाई जायसवाल के नाम पर खरीदा था, 24 जुलाई 2026 की रात घर के आंगन से चोरी हो गया। वाहन की कीमत करीब 55 हजार रुपये बताई गई।
शिकायत के आधार पर थाना पिपलोद में अपराध क्रमांक 282/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनसे वाहन को महाराष्ट्र के परभणी जिले के सेलू क्षेत्र की ओर ले जाते हुए देखा गया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने महाडसापुरा फाटे पर नाकाबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी वाहन लेकर भाग निकले, जिसके बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल से उनका पीछा किया। आरोपी वाहन को महाडसापुरा रोड पर छोड़कर खेतों के रास्ते फरार हो गए।
बाद में मुखबिर की सूचना पर आरोपी ज्ञानेश्वर पंवार को उसकी पत्नी से मिलने आने के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने चोरी गया टाटा मैजिक वाहन पंचों की मौजूदगी में विधिवत जब्त कर लिया। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डीएसपी और थाना प्रभारी के निर्देशन में गठित टीम ने कार्रवाई की। वाहन बरामद करने में विक्रम धार्वे, प्रधान आरक्षक नितिन कोल्हे और आरक्षक धीरज की सराहनीय भूमिका रही।
Read Next






खंडवा
खंडवा