ओंकारेश्वर में लगातार डूब रहे श्रद्धालु! कांग्रेस ने उठाए सुरक्षा पर बड़े सवाल
खंडवा/ओंकारेश्वर। आगामी सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों के बीच जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ने रविवार को ओंकारेश्वर का दौरा कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ओंकारेश्वर में लगातार सामने आ रही डूबने की घटनाओं को लेकर जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ने कहा कि ओंकारेश्वर में आए दिन श्रद्धालुओं के डूबने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है। उनका कहना है कि एक ओर शासन-प्रशासन सिंहस्थ की तैयारियों पर करोड़ों रुपये खर्च कर रहा है, वहीं दूसरी ओर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम दिखाई नहीं दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हर दूसरे-तीसरे दिन डूबने की घटना की खबर सामने आती है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए कब प्रभावी कदम उठाएंगे।
उत्तमपाल सिंह ने प्रशासन, नगर परिषद, कलेक्टर और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मांग की कि ओंकारेश्वर में ऐसे सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, जिससे डूबने जैसी दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सके। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सिंहस्थ से पहले पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्थाएं नहीं की गईं और आयोजन के दौरान कोई बड़ी दुर्घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन के अनुसार, इस दौरान ओंकारेश्वर नगर कांग्रेस अध्यक्ष एवं पार्षद चम्पाबाई, पार्षद छन्दईबाई, मंडलम अध्यक्ष चंद्रकांत माहिल्या, तुलसीराम, दिलीप गवले, अनुराग जोशी, नमन कटारे, गब्बर वर्मा, छाया बाई सहित कांग्रेस कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
Read Next









खंडवा